छऊ नृत्य के जरिए हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता अभियान
मेदिनीपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में हेपेटाइटिस रोग के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभिनव पहल की है। पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार सुबह बेलदा और नारायणगढ़ के विभिन्न इलाकों में पुरुलिया के पारंपरिक छऊ नृत्य के माध्यम से हेपेटाइटिस को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान बेलदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, नारायणगढ़ हाट और बेलदा प्रभाती बालिका विद्यापीठ में छऊ नृत्य के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। आकर्षक छऊ नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से हेपेटाइटिस के कारण, संक्रमण से बचाव और जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को आम लोगों के सामने रखा गया।
स्वास्थ्य विभाग के इस अभिनव जागरूकता अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी रुचि देखी गई। लोक कला को जागरूकता अभियान का माध्यम बनाकर स्वास्थ्य संबंधी संदेश आम लोगों तक आसानी से पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बताया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से लोगों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया गया। लोक संस्कृति और स्वास्थ्य जागरूकता के इस मेल ने बेलदा-नारायणगढ़ के स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

