home page

नारायणगढ़ में क्रांतिकारी हेमचंद्र कानुनगो की 75वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

 | 
नारायणगढ़ में क्रांतिकारी हेमचंद्र कानुनगो की 75वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि


पश्चिम मेदिनीपुर, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ में बुधवार को क्रांतिकारी हेमचंद्र कानुनगो की 75वीं महाप्रयाण दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। हेमचंद्र साहित्य सभा तथा अन्यमन खाकुड़दा के संयुक्त तत्वावधान में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महान क्रांतिकारी को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह एक सुशोभित शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा बेलदा स्थित हेमचंद्र की प्रतिमा से शुरू होकर खाकुड़दा स्थित प्रतिमा स्थल तक पहुंची। दूसरी ओर, खंडरुई राजबाड़ी में स्थित क्रांतिकारी के मामा के घर से भी एक अलग शोभायात्रा निकाली गई, जो खाकुड़दा में आकर पहली शोभायात्रा से मिल गई।

दोनों शोभायात्राएं एक साथ राधानगर स्थित क्रांतिकारी के पैतृक आवास तक पहुंचीं, जहां पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने हेमचंद्र कानुनगो के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया और देशभक्ति गीतों व बांसुरी की धुन के बीच श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

नारायणगढ़ में हेमचंद्र की प्रतिमा के समक्ष हेमचंद्र साहित्य सभा और नारायणगढ़ कल्चरल एसोसिएशन की ओर से लगभग सौ लोगों की उपस्थिति में पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कविता पाठ, संगीत प्रस्तुति और विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में दातव्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय क्षेत्र के लगभग सौ लोगों ने चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से क्रांतिकारी हेमचंद्र कानुनगो के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता