लगातार बारिश से तीन जिलों में जनजीवन प्रभावित, कई सड़कें और छोटे पुल डूबे
खड़गपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। निम्न दबाव के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने से सड़कें डूब गई हैं। कुछ स्थानों पर पुलिया से जुड़ी सड़क टूटने के कारण संपर्क भी बाधित हुआ है। नदी तटबंधों में धंसान से ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर राहत सामग्री वितरित की गई है।
पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा और घाटाल क्षेत्रों में शिलाबती, केठिया और झूमी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। चंद्रकोणा के बांका क्षेत्र में शिलाबती नदी का पानी किनारा पार कर गांवों में प्रवेश करने लगा है। चंद्रकोणा-दो प्रखंड के घोषकीरा इलाके में बांस का पुल डूब जाने से कई गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। कामारगेड़िया से नतुक जाने वाली सड़क पर भी पानी बह रहा है। घाटाल के मनसुकाय में झूमी नदी का पानी बढ़ने से पार्वतीचक से धसाचांदपुर जाने वाली पक्की सड़क डूब गई है।
लगातार बारिश के कारण केशपुर में दोनाई नहर का जलस्तर बढ़ने से पुलिया से जुड़ी पक्की सड़क टूट गई। इससे आसकांदा गांव का चंद्रकोणा से संपर्क लगभग कट गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया काफी पुरानी और जर्जर स्थिति में है तथा दोनों ओर की संपर्क सड़क भी खराब है।
पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में रसूलपुर नदी के तटबंध में धंसान से देशप्राण प्रखंड के अमतलिया पंचायत के पूर्व अमतलिया गांव में लोगों में भय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। दीघा में शनिवार दोपहर भी समुद्र में तेज ज्वार और ऊंची लहरें देखी गईं। पर्यटकों को समुद्र के करीब जाने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।
झाड़ग्राम जिले में भी कई कजवे (छोटा पुल) पानी में डूब गए हैं। शुक्रवार को चिल्किगढ़ कजवे से मोटरसाइकिल लेकर डुलुंग नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में फंस गया। पानी के तेज बहाव में मोटरसाइकिल बह गई, लेकिन ग्रामीणों ने युवक को बचा लिया। डुलुंग नदी का जलस्तर बढ़ने से चिल्किगढ़ के अलावा गोपीबल्लभपुर-दो प्रखंड के बाघेश्वर और बड़ाामारा के कजवे भी डूब गए हैं। इससे लोधाशुली से रोगड़ा का आवागमन बंद हो गया है।
गोपीबल्लभपुर-दो के तपसिया इलाके में काठुआखाल का पानी बढ़ने से झाड़ग्राम-गोपीबल्लभपुर संपर्क भी बाधित है। लालगढ़ के कांटापहाड़ी में मुकुंद प्रतिहार के मिट्टी के घर की दीवार गिरने से दो गायों की मौत हो गई। परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। झाड़ग्राम नगरपालिका के तीन नंबर वार्ड के स्कूलपाड़ा में भी एक मिट्टी के घर का हिस्सा ढह गया। प्रभावित लोगों को विधायक लक्ष्मीकांत साउ के कोष से तिरपाल उपलब्ध कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

