home page

बंगाल में बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
बंगाल में बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


कोलकाता, 22 जून (हि.स.)।भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम के बीच आखिरकार पश्चिम बंगाल में राहत की बारिश शुरू हो गई है। सप्ताहांत में कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में प्री-मानसून बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर तथा पूर्व बर्धमान जिलों में अति भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, और झाड़ग्राम में सोमवार भोर से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है।

इधर कोलकाता में शनिवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। हालांकि शहर के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या देखी गई, लेकिन कई दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

दूसरी ओर उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर जारी है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों के जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पूरे पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय रहेगा और तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता