हरिश्चंद्रपुर अस्पताल के निरीक्षण में पहुंचे अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी, बेड और डॉक्टरों की कमी पर भारी आक्रोश
मालदा, 19 नवंबर (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई भाजपा सरकार के स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर सक्रिय होने के बीच मालदा के हरिश्चंद्रपुर ग्रामीण अस्पताल का निरीक्षण करने अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी हेमनारायण झा पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने अस्पताल परिसर और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया तथा मरीजों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
निरीक्षण का मौका मिलते ही स्थानीय लोगों ने अस्पताल की कई खामियों और अनियमितताओं को लेकर लिखित शिकायत सौंपी। बेड और डॉक्टरों की कमी के साथ-साथ उचित इलाज न मिलने, कार्यरत डॉक्टरों द्वारा नियम विरुद्ध नर्सिंग होम में ड्यूटी करने और जमा कचरे जैसी बातें सामने आईं। इसके अलावा इलाके में अवैध लैब और नर्सिंग होम को लेकर भी सवाल उठे।
अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अस्पताल का निरीक्षण किया गया है और समस्याओं को लेकर डॉक्टरों से बात की गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द पूरी तरह समाधान करने का प्रयास किया जाएगा और इस विषय में उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ग्रामीण अस्पताल में कुव्यवस्था काफी लंबे समय से है और सत्ता बदलने के बावजूद तस्वीर नहीं बदली है। पहले अस्पताल के भीतर बकरियों और कुत्तों के घुसने, यहां तक कि बेड न मिलने के कारण मरीजों के खड़े होकर सलाइन चढ़वाने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय भाजपा नेता अर्जुन केशरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अस्पताल लंबे समय से गंदगी की हालत में पड़ा है। उनका दावा है कि तृणमूल के समय स्थानीय मंत्री चेयरमैन होने के बावजूद स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ और मरीज न्यूनतम सेवाओं से भी वंचित रहे। उन्होंने बताया कि जब यह मामला अधिकारी के संज्ञान में लाया गया तो स्थिति में जल्द बदलाव का आश्वासन मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

