home page

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने किया हल्दिया महकमा अस्पताल का औचक निरीक्षण

 | 
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने किया हल्दिया महकमा अस्पताल का औचक निरीक्षण


मेदिनिपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने शुक्रवार सुबह हल्दिया महकमा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल की अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के अग्निशमन यन्त्र, साफ-सफाई और अन्य परिसेवाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कई जरूरी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि अस्पताल की पुरानी इमारत की हालत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बारे में जल्द ही कदम उठायेगी। उन्होंने हल्दिया विकास बोर्ड के चेयरमैन, महकमा अधिकारी और सीएमओएच को 48 घंटे के अंदर अस्पताल की इमारत की हालत पर विस्तृत रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नई अस्पताल की इमारत बनने में समय लगेगा।

मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि आईओसी और हल्दिया पोर्ट अथॉरिटी हॉस्पिटल का सहयोग लिया जाना चाहिए ताकि औद्योगिक इलाके के लोगों को चिकित्सा परिसेवा मिलने में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा, उन्होंने एचडीए ट्रॉमा सेंटर को अगले दो महीने के अंदर खोलने का भी आदेश दिया।

उन्होंने कई अधिकारियों को काम में लापरवाही के लिए शो कॉज नोटिस जारी करने की चेतावनी दी। केंद्र सरकार द्वारा दिए गए कई बेड लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए जिन्हें देखकर उन्होंने गुस्सा जताते हुए विधायक के जरिए रिपोर्ट देने का आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में मोबाइल फोन लेकर आने पर प्रतिबन्ध लगाने तथा चिकित्सा परिसेवा में अनुशासन लाने पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा