हावड़ा स्टेशन पर रेलप्रेमियों की फोटोग्राफी प्रदर्शनी का जीएम गीतिका पांडेय ने किया उद्घाटन
कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने गुरुवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर रेलप्रेमियों की ओर से आयोजित फोटोग्राफी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन किया। यह आयोजन रेलवे की ओर से चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान ‘स्वच्छता से सुरक्षा तक’ के तहत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शीलेंद्र प्रताप सिंह और हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर भी उपस्थित थे।
प्रदर्शनी में रेलप्रेमियों ने अपने कैमरों के माध्यम से भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, बदलते बुनियादी ढांचे और रेलवे के विभिन्न पहलुओं को तस्वीरों के जरिए प्रस्तुत किया। महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने प्रदर्शित तस्वीरों की सराहना करते हुए रेलप्रेमियों के उत्साह और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की।
उन्होंने इस पहल के माध्यम से रेलवे और आम लोगों के बीच मजबूत जुड़ाव को भी प्रोत्साहन दिया। प्रदर्शनी ने यह दर्शाया कि रेलप्रेमी न केवल भारतीय रेलवे की विरासत को संजोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि उसकी प्रगति और बदलते स्वरूप को भी अपने कैमरों में दर्ज कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

