न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर हॉकरों का प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.)। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर हॉकरों के खिलाफ कार्रवाई और कथित रूप से लगातार जुर्माना लगाए जाने के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रवादी रेलवे हॉकर यूनियन के बैनर तले हॉकरों ने आरपीएफ कार्यालय के सामने राष्ट्रीय ध्वज लेकर विरोध जताया।
हॉकरों का आरोप है कि पिछले 27 दिनों से स्टेशन पर हॉकरी करने पर प्रत्येक व्यक्ति पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके अलावा उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की भी शिकायत है।
हॉकरों का कहना है कि लंबे समय से इसी काम के जरिए उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। अचानक काम बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि यदि रेलवे के नियमों के तहत स्टेशन पर हॉकरी की अनुमति नहीं दी जा सकती, तो प्रशासन उनके लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था करे। हॉकरों ने रेलवे की आईआरसीटीसी व्यवस्था के तहत काम का अवसर देने की भी मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

