home page

सोमराबाजार में हावड़ा–कटवा शाखा के हॉकर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक, समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा

 | 
सोमराबाजार में हावड़ा–कटवा शाखा के हॉकर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक, समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा


हुगली, 05 जुलाई (हि. स.)। रविवार को सोमराबाजार में हावड़ा–कटवा रेल शाखा के हॉकर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार की प्रतिनिधि सुमना सरकार ने हॉकर्स की विभिन्न समस्याओं, मांगों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान हॉकर्स ने अपनी रोजी-रोटी, यात्रियों को दी जाने वाली सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने के स्थान, प्रशासनिक सहयोग तथा कार्यस्थल से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

सुमना सरकार ने सभी हॉकर्स की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ हॉकर्स के हितों की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हॉकर्स की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित सभी पक्षों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा, ताकि यात्रियों की सेवा भी प्रभावित न हो और हॉकर्स की आजीविका भी सुरक्षित रहे।

बैठक में उपस्थित हॉकर प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। चर्चा के दौरान पारस्परिक सहयोग और समाधान-आधारित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अंत में सुमना सरकार ने कहा कि मैं आपके घर की बेटी हूं, आपकी सेवा के लिए सदैव तत्पर हूं।

उनके इस संदेश से उपस्थित हॉकर्स में आशा का संचार हुआ और हॉकर समुदाय के प्रति राज्य सरकार के संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय