नसरतपुर में भाजपा की रैली को लेकर तनाव, तृणमूल कांग्रेस और माकपा समर्थकों के बीच झड़प
आसनसोल, 27 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पूर्व बर्दवान जिले के पूर्वस्थली के नसरतपुर इलाके में भाजपा की रैली को लेकर तनाव फैल गया।
भाजपा के पूर्वस्थली दक्षिण केंद्र के प्रत्याशी के चुनावी एजेंट सुदीप्त राय ने दावा किया कि सोमवार को कालना के धात्रीग्राम से पूर्वस्थली-1 ब्लॉक के हेमायतपुर तक एक रैली निकाली जा रही थी। आरोप है कि नसरतपुर में तृणमूल के पार्टी कार्यालय से हथियार लेकर हमला किया गया, जिसमें कई भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक घायल हो गए।
तृणमूल कांग्रेस के पूर्वस्थली-1 ब्लॉक अध्यक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि भाजपा की रैली से लोग उनके पार्टी कार्यालय में घुस आए और हमला किया। इस घटना में ब्लॉक के कार्यकारी सचिव समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए हैं।
दूसरी ओर, हावड़ा के सांकराइल में रविवार रात तृणमूल कांग्रेस और माकपा समर्थकों के बीच झड़प में कुल सात लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस घटना में तृणमूल के एक समर्थक का सिर फट गया।
तृणमूल समर्थकों ने रविवार रात ही घटना के विरोध में लगभग एक घंटे तक मानिकपुर-चांपतला रोड जाम कर प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही सांकराइल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

