नफरत नहीं, प्यार और विकास की राजनीति होगी - मंत्री अग्निमित्रा
कोलकाता, 28 अगस्त (हि. स.)। रक्षा बंधन के अवसर पर पश्चिम बंगाल की मंत्री एवं भाजपा नेता अग्निमित्रा पाल ने कोलकाता के जादवपुर इलाके में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सौहार्द और राज्य के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय होने पर हर नागरिक को देशभक्ति के इस गीत पर गर्व होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से जादवपुर विश्वविद्यालय के वातावरण में ‘भारत विरोधी’ विचारों को बढ़ावा दिया गया, जबकि उनका कहना है कि विश्वविद्यालय का पुराना इतिहास राष्ट्रवादी विचारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जादवपुर विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं और विश्वविद्यालय में पढ़ाई, शोध और प्रतिभा का बेहतर वातावरण वापस लाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के भीतर की समस्याओं का समाधान विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र और प्रशासन मिलकर करें तथा बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप कम होना चाहिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय से नई रिसर्च, पेटेंट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां सामने आनी चाहिए।
रक्षा बंधन के कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बच्चों और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों के साथ भी जनसंपर्क किया गया। बच्चों को एबीसीडी की किताबें, कॉपियां, पेंसिल, रबर, पेन, चॉकलेट और लड्डू दिए गए।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश देने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि सरकार उन सभी नागरिकों के साथ यह उत्सव साझा करना चाहती है जो गर्व से खुद को भारतीय कहते हैं।उनके अनुसार, सरकार की राजनीति का संदेश ‘नफरत नहीं, प्यार और विकास’ होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि कैमक स्ट्रीट मामले में पुलिस और नगर निगम के अधिकारी जांच कर रहे हैं और बिना पूरी जानकारी के राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और निगम कर्मियों के साथ अभिषेक बनर्जी का व्यवहार एक सांसद के पद के अनुरूप नहीं था। अब राज्य में सरकार बदल चुकी है और किसी भी अवैध काम को राजनीतिक प्रभाव के कारण वैध नहीं माना जाएगा।
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है और घटना से जुड़े आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। 28 अगस्त को कोलकाता की एक अदालत ने कैमक स्ट्रीट मामले में गिरफ्तार 13 लोगों को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें तीन सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
रिपोर्टों के अनुसार, रक्षा बंधन के दिन जादवपुर इलाके में सरकारी पहल पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन प्रस्तावित था।
उन्होंने कहा कि जादवपुर को फिर से ऐसा शिक्षण संस्थान बनाना चाहिए जहां प्रतिभा, शिक्षा और शोध को राजनीति से ऊपर रखा जाए।
अग्निमित्रा पाल ने नेपाल में हाल की प्राकृतिक आपदा और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की स्थिति का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार पेड़ों की कटाई, जल निकायों को भरकर निर्माण और प्रकृति के साथ छेड़छाड़ के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की और कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

