ईद से पहले सजा हाशमी चौक का बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
सिलीगुड़ी, 18 मार्च (हि. स.)। ईद से पहले शहर का मशहूर हाशमी चौक इन दिनों पूरी तरह से रोशनी और रौनक से भर गया है। सड़क किनारे सजी दुकानों में सेवई, इत्र, सूखे मेवे, कपड़े और जूते की भरमार है। खरीदारी के लिए लोगों की लगातार आवाजाही देखी जा रही है, कोई पैदल पहुंच रहा है तो कोई ऑटो या टोटो से उतरकर दुकानों का रुख कर रहा है।
हर साल की तरह इस बार भी ईद से पहले यह बाजार खास आकर्षण बना हुआ है। विधान मार्केट, हॉकर्स कॉर्नर और महावीर स्थान में खरीदारी करने वाले लोग भी हाशमी चौक का रुख करना नहीं भूल रहे। सेवक रोड और हिलकार्ट रोड से आने वाले ग्राहक भी यहां पहुंच रहे है।
व्यापारियों के अनुसार, यह बाजार करीब 60 साल पुराना है और पीढ़ी दर पीढ़ी यहां कारोबार चलता आ रहा है। ईद से लगभग 15 दिन पहले से बाजार लगना शुरू हो जाता है और धीरे-धीरे इसमें भीड़ बढ़ती जाती है।
खरीदारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कोई सेवई खरीद रहा है तो कोई इत्र और कपड़े। परिवार के लिए खास तैयारी के साथ लोग खरीदारी कर रहे है। दूर-दराज इलाकों से भी लोग यहां पहुंच रहे है, डुआर्स और आसपास के इलाकों से आए लोग भी इस बाजार में खरीदारी करते नजर आए।
व्यापारियों का कहना है कि वे पूरे साल इस समय का इंतजार करते है, क्योंकि ईद का यह बाजार उनके लिए सबसे खास होता है। त्योहार की रौनक के बीच हाशमी चौक का यह बाजार सिलीगुड़ी की पहचान बन चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

