रेलवे ट्रैक में दरार से हासनाबाद-सियालदह शाखा पर ट्रेन परिचालन बाधित
कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। हासनाबाद-शियालदह रेल शाखा के भ्याबला स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक में दरार आने के कारण गुरुवार सुबह इस मार्ग पर एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेन परिचालन बंद रहा। इससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट स्थित भ्याबला स्टेशन के पास रेलवे लाइन में दरार देखी गई। स्थानीय एक व्यक्ति की नजर सबसे पहले इस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल भ्याबला स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर ट्रेन परिचालन रोक दिया। स्टेशन मास्टर ने मामले की जानकारी रेलवे के उच्चाधिकारियों को दी।
ट्रैक में दरार की खबर मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम शुरू कराया। इस दौरान हासनाबाद-शियालदह शाखा के विभिन्न स्टेशनों पर अप और डाउन दिशा की ट्रेनें खड़ी रहीं। सुबह कार्यालय जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्री ट्रेन से उतरकर वैकल्पिक साधनों से अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, रेलवे ट्रैक की मरम्मत कर जल्द से जल्द ट्रेन सेवा सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, स्थानीय व्यक्ति की तत्परता से समय रहते ट्रैक में आई दरार का पता चल गया, जिससे एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। लंबे समय तक ट्रेन परिचालन बाधित रहने के कारण सुबह से ही यात्रियों की परेशानी बढ़ती रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

