home page

हर घर तिरंगा यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष और राज्यमंत्री हुए शामिल

 | 
हर घर तिरंगा यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष और राज्यमंत्री हुए शामिल


सिलीगुड़ी, 13 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नक्सलबाड़ी में गुरुवर शाम ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा में पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस और राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ से शुरू होकर अन्नपूर्णा काली मंदिर तक पहुंची। यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्कूल के विद्यार्थियों से लेकर कॉलेज छात्र-छात्राओं, आम लोगों और समाजसेवियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पदयात्रा में हिस्सा लिया।

इस दौरान राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। यह स्वतंत्रता देशवासियों के लिए गर्व और गौरव की बात है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

वहीं, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ ऊंचा रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व और कर्तव्य है। देश के लिए अनेक वीरों ने बलिदान दिया और त्याग किया, ताकि तिरंगा सम्मान के साथ देश के सिर पर लहराता रहे। उन्हीं वीर शहीदों को याद करते हुए वह तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हैं। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार