home page

बंगाल में पहली बार 'हर घर तिरंगा' अभियान का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

 | 
बंगाल में पहली बार 'हर घर तिरंगा' अभियान का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ


कोलकाता, 07 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार 'हर घर तिरंगा' अभियान का व्यापक स्तर पर शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में अभियान का उद्घाटन किया और सर्वे बिल्डिंग से हाजरा मोड़ तक विशाल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया।

स्वतंत्रता माह के अवसर पर आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पूरे मार्ग पर तिरंगे ही तिरंगे दिखाई दिए और जनसमूह से सड़कें भर गईं। यात्रा में भवानीपुर के नागरिकों के अलावा उद्योग मंत्री तपस चटर्जी, विद्यालय शिक्षा मंत्री दीपक वर्मन तथा अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक भी शामिल हुए।

हाजरा मोड़ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वे बिल्डिंग से हाजरा मोड़ तक की तिरंगा यात्रा के साथ राज्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ हो गया है। उन्होंने यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 10 अगस्त को नेताजी प्रतिमा से बिरला तारामंडल के सात नंबर द्वार तक 50 हजार लोगों की भागीदारी वाली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश में 'दिल से तिरंगा, प्यार से तिरंगा, हर घर तिरंगा' का आह्वान किया है। यह अभियान राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बंगाल में राष्ट्रवादी सरकार का गठन हो चुका है। उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों को अग्रिम स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता