home page

हल्दिया स्टेशन पर दंपती से मारपीट, तीन गिरफ्तार

 | 
हल्दिया स्टेशन पर दंपती से मारपीट, तीन गिरफ्तार


कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया रेलवे स्टेशन पर एक युवती से अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर उसके दादा-दादी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गुरुवार सुबह रेलवे पुलिस द्वारा साझा किए गए जानकारी अनुसार, दक्षिण 24 परगना की रहने वाली 19 वर्षीय सुर्बिना खातून वर्तमान में दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में रहती हैं। वह 25 नवंबर को ट्रेन संख्या 12444 आनंद विहार-हल्दिया एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। रात करीब 8:20 बजे ट्रेन में सफर के दौरान कुछ सहयात्रियों ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं और अभद्र इशारे किए।

युवती के दादा-दादी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी। इसके बाद हल्दिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रात करीब 8:50 बजे आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। मारपीट में युवती के दादा के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा, जबकि उनकी दादी के कान में चोट आई। दोनों घायलों को हल्दिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस मामले में रेलवे पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान असलम अली (19), मुक्तार अली (29) और जासिम खान (18) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता