हल्दिया के साथ पांशकुड़ा नगरपालिका चुनाव कराने की मांग, आयोग ने राज्य से मांगी रिपोर्ट
पूर्व मेदिनीपुर, 05 नवंबर (हि. स.)। जिले की हल्दिया और पांशकुड़ा नगरपालिकाओं में चुनाव कराने की मांग तेज हो गई है। दोनों नगरपालिकाओं का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद अब तक चुनाव नहीं कराए जाने के मामले में राज्य चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से वर्तमान स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने नगर एवं शहरी विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दोनों नगरपालिकाओं में चुनाव से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
दरअसल, आगामी 28 नवंबर को हल्दिया समेत राज्य की सात नगरपालिकाओं में चुनाव कराने का प्रस्ताव चुनाव आयोग की ओर से दिया गया था। हालांकि, इस प्रस्तावित सूची में पांशकुड़ा नगरपालिका का नाम शामिल नहीं था। इसको लेकर पूर्व मेदिनीपुर जिला कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए दोनों नगरपालिकाओं में एक साथ चुनाव कराने की मांग की थी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में हल्दिया और पांशकुड़ा नगरपालिकाओं में अंतिम बार चुनाव हुए थे। सितंबर 2022 में दोनों नगरपालिकाओं का कार्यकाल समाप्त हो गया था। इसके बाद चुनाव कराने के बजाय तत्कालीन तृणमूल सरकार ने प्रशासक नियुक्त कर नगरपालिकाओं का संचालन शुरू कर दिया था।
राज्य में चार मई को सत्ता परिवर्तन के बाद हल्दिया नगरपालिका में चुनाव कराने को लेकर राज्य सरकार की सक्रियता बढ़ी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कई बार हल्दिया नगरपालिका चुनाव को लेकर अपनी बात रख चुके हैं। हालांकि, पांशकुड़ा नगरपालिका का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद वहां चुनाव कराने को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
इसी बीच राज्य चुनाव आयोग ने राज्य की सात नगरपालिकाओं में 28 नवंबर को चुनाव कराने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, अभी तक चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। हल्दिया में चुनाव कराने की पहल होने के बावजूद पांशकुड़ा को इससे बाहर रखने पर सवाल उठाते हुए जिला कांग्रेस ने 14 अक्टूबर को राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखा था।
पत्र में मांग की गई थी कि हल्दिया और पांशकुड़ा दोनों नगरपालिकाओं में एक साथ चुनाव कराए जाएं। कांग्रेस का कहना था कि लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण दोनों शहरों में नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसी शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को नगर एवं शहरी विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र भेजकर दोनों नगरपालिकाओं की चुनाव संबंधी वर्तमान स्थिति पर रिपोर्ट मांगी। आयोग ने अपने पत्र की एक प्रति पूर्व मेदिनीपुर जिला कांग्रेस को भी भेजी है।
पूर्व मेदिनीपुर जिला कांग्रेस-एक के अध्यक्ष कल्याण राय ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान पांशकुड़ा नगरपालिका में छह प्रशासक बदले जा चुके हैं। इसके बावजूद शहरवासियों को समुचित नागरिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हल्दिया नगरपालिका में चुनाव कराया जाता है तो पांशकुड़ा में चुनाव क्यों नहीं होना चाहिए?
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर दोनों नगरपालिकाओं में एक साथ चुनाव कराने की मांग की थी। अब आयोग ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। उन्हें उम्मीद है कि हल्दिया के साथ पांशकुड़ा नगरपालिका में भी जल्द चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
फिलहाल राज्य सरकार की रिपोर्ट के बाद ही दोनों नगरपालिकाओं में चुनाव की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

