home page

पूजा परिक्रमा : हल्दिया के मैत्रीभूमि में 40 हजार एलईडी बल्बों से जगमगाएगा दुर्गा पूजा पंडाल

 | 
पूजा परिक्रमा : हल्दिया के मैत्रीभूमि में 40 हजार एलईडी बल्बों से जगमगाएगा दुर्गा पूजा पंडाल


पूजा परिक्रमा : हल्दिया के मैत्रीभूमि में 40 हजार एलईडी बल्बों से जगमगाएगा दुर्गा पूजा पंडाल


पूजा परिक्रमा : हल्दिया के मैत्रीभूमि में 40 हजार एलईडी बल्बों से जगमगाएगा दुर्गा पूजा पंडाल


पूजा परिक्रमा : हल्दिया के मैत्रीभूमि में 40 हजार एलईडी बल्बों से जगमगाएगा दुर्गा पूजा पंडाल


मेदिनीपुर, 13 अक्टूबर (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया स्थित हाजरा मोड़ मैत्रीभूमि सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष ‘आलोय आलोय आसछे उमा’ (रोशनी में आ रही हैं मां उमा) की थीम पर दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है। अशुभ शक्तियों के विनाश और शुभ शक्तियों के आगमन के प्रतीक के रूप में मां दुर्गा की आराधना की जाती है। इसी विचार के साथ इस वर्ष पूजा पंडाल की थीम रोशनी पर आधारित रखी गई है। पूजा आयोजकों ने बताया, सत्य, मंगल और सुंदरता की स्थापना के लिए मां उमा धरती पर आ रही हैं। पंडाल की विषयवस्तु के माध्यम से यही संदेश देने का प्रयास किया गया है।

60 फुट ऊंचे विशाल पूजा पंडाल का निर्माण राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कलाकार गौरांग कुइला कर रहे हैं। पूरे पंडाल को सजाने के लिए 40 हजार एलईडी बल्बों और एक लाख मीटर लंबी राइस लाइट चेन का इस्तेमाल किया जा रहा है। कलाकार पिछले दो महीने से 30 सहयोगी कलाकारों की मदद से इस निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। उनके हाथों मां दुर्गा की प्रतिमा धीरे-धीरे अजंता-एलोरा की मूर्तिकला की शैली में आकार ले रही है।

इस भव्य आयोजन के साथ सामाजिक दायित्व निभाने की प्रतिबद्धता भी जुड़ी हुई है। पूजा समिति की ओर से जरूरतमंद लोगों के बीच नए वस्त्रों का वितरण, रक्तदान शिविर, थैलेसीमिया रोग की जांच, नेत्र परीक्षण शिविर, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान, पौधों का वितरण, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पुस्तकों का वितरण और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पूजा के नवमी तिथि पर छह हजार लोगों के बीच भोग-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। पिछले कुछ वर्षों में मैत्रीभूमि की दुर्गा पूजा औद्योगिक नगरी हल्दिया के प्रमुख आकर्षणों में से एक बनकर उभरी है।

पूजा समिति के संरक्षक उत्पल जाना, अध्यक्ष भृगुराम मंडल, संयुक्त महासचिव आशीष कुमार हाजरा और कृष्णचंद्र महापात्र, कार्यकारी अध्यक्ष ऋषिकेश भुइयां, उपाध्यक्ष असीम कुमार माइति और कालीपद भुइयां, मुख्य सलाहकार श्यामल मजूमदार, मुख्य सचेतक शंभुनाथ सांतरा तथा अरूप कुमार मिश्र सहित समिति के सभी सदस्यों की निष्ठा और ईमानदारी का प्रभाव पूजा की विभिन्न गतिविधियों में दिखाई देता है।

पूजा आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष आयोजन में पूर्व मेदिनीपुर जिले और हल्दिया महकमा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य प्रशासन के कई विशिष्ट व्यक्तियों के भी शामिल होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता