home page

हाबरा में बूथ के पास बम बरामद, तृणमूल-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप तेज

 | 
हाबरा में बूथ के पास बम बरामद, तृणमूल-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप तेज


उत्तर 24 परगना, 27 अप्रैल (हि.स.)। दूसरे चरण के मतदान से पहले सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा विधानसभा क्षेत्र के दक्षिण सराय गांव में एक मतदान केंद्र के पास बम बरामद होने से इलाके में तनाव फैल गया। घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर बम जमा करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमों को बरामद कर लिया।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दक्षिण सराय प्राथमिक विद्यालय में हाबड़ा विधानसभा क्षेत्र के 43 नंबर बूथ का मतदान केंद्र बनाया गया है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार के पास आठ ताजा बम पड़े देखे, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी बमों को सुरक्षित रूप से हटा दिया।

घटना के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। तृणमूल का आरोप है कि चुनाव में हार की आशंका से भाजपा माहौल बिगाड़ने और डर फैलाने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय तृणमूल नेता लिटन मंडल ने कहा कि उनके गांव में पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई और उनका मानना है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने अशांति फैलाने के लिए यह काम किया है।

वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। हाबरा से भाजपा उम्मीदवार देवदास मंडल ने कहा कि तृणमूल अपनी संभावित हार से घबराकर वोट से पहले डर का माहौल बनाना चाहती है। उनका आरोप है कि तृणमूल समर्थित लोगों ने ही बम रखे हैं। भाजपा ने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत भी की है और आरोप लगाया है कि पुलिस का एक वर्ग अभी भी सत्तारूढ़ पार्टी के प्रभाव में काम कर रहा है।

इस बीच, बारासात जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हाबरा क्षेत्र के कई इलाकों में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके बावजूद मतदान से ठीक पहले इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई लोगों ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर चिंता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय