चुनाव 26 : उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती आज से तीन दिन के बंगाल दौरे पर, तैयारियों का लेंगे जायजा
कोलकाता, 13 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में डिप्टी चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती आज सोमवार से तीन दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंच रहे हैं। उनके साथ आयोग के दो अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगे, जो जमीनी स्तर पर जाकर चुनावी तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, आयोग का प्रतिनिधिमंडल पहले दिन ही पश्चिम बर्धमान, पूर्व बर्धमान, हुगली, उत्तर 24 परगना और कोलकाता सहित कई जिलों में मतदान की तैयारियों की समीक्षा करेगा। सोमवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद टीम अलीपुरद्वार जाएगी, जहां शाम को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर बैठक प्रस्तावित है।
इसके अलावा, उत्तर बंगाल के लिए आयोग की एक अलग टीम भी सक्रिय रहेगी। यह टीम 14 अप्रैल को अलीपुरद्वार से कूचबिहार जाएगी और जिला प्रशासन के साथ बैठक करेगी। 15 अप्रैल को जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग में कार्यक्रम निर्धारित हैं, जबकि 16 अप्रैल को कालिम्पोंग में मतदाता जागरूकता को लेकर समीक्षा बैठक होगी। 17 अप्रैल को दार्जिलिंग से टीम के दिल्ली लौटने की संभावना है।
गौरतलब है कि चुनाव की घोषणा के बाद से ही राज्य में प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल भी लगातार जिलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और आम लोगों से संवाद कर भरोसा दिला रहे हैं।
इसी बीच, एसआईआर से जुड़े मामले की सुनवाई सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में होनी है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। इस मामले में आने वाले फैसले का असर कई मतदाताओं के भविष्य पर पड़ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

