राज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, निष्पक्ष चुनाव के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश
कोलकाता, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने गुरुवार को राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य सचिव, गृह विभाग के प्रधान सचिव, पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तथा कोलकाता पुलिस आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में कानून के शासन का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और गुंडों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे मतदाता बिना किसी डर के घरों से निकल सकें और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकें।
राज्यपाल ने अधिकारियों से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को सख्ती से रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

