home page

गुरु अंगद साहेब जी का प्रकाश पर्व मनाया गया

 | 
गुरु अंगद साहेब जी का प्रकाश पर्व मनाया गया


आसनसोल, 18 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 12 स्थित गोबिंद नगर कॉलोनी में सिख पंथ के दूसरे गुरु, गुरु अंगद साहेब जी का प्रकाश उत्सव शनिवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन परंपरागत रीति-रिवाजों और गुरु मर्यादा के अनुसार किया गया। सोनपुर पंजाबी डांगा से शुरू हुई इस परंपरा का यह 80वां वर्ष रहा, जिसका आयोजन खालसा सिख संगत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किया गया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह ने बताया कि इस अवसर पर दरबार साहेब, अमृतसर से पूर्व हजूरी रागी कीर्तनी जत्था के भाई धर्मवीर सिंह जी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, कथा प्रवचन के लिए पंजाब के जंडियाला से भाई प्रदीप सिंह जी ने पहुंचकर गुरु अंगद साहेब जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार लहणा जी ने गुरु के सच्चे सिख बनकर ‘अंगद’ का स्वरूप धारण किया और सिख परंपराओं को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान दोपहर और शाम के दीवानों में संगत के लिए लंगर का आयोजन भी किया गया। गुरुद्वारा सचिव बेअंत सिंह ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की शुरुआत बर्नपुर से आए बच्चों के कीर्तन से हुई, जिसमें लखविंदर कौर के नेतृत्व में बच्चों ने प्रस्तुति दी। इसके बाद गुरजीत कौर, गीता कौर, जश्न कौर, रामनीक कौर और गोबिंद नगर के हजूरी ज्ञानी बलवंत सिंह ने कीर्तन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान कुलदीप सलूजा को गोबिंद नगर गुरुद्वारा भवन में गुंबद निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ईसीएल के सीएमडी की धर्मपत्नी किरण झा भी शामिल हुईं, जिन्होंने गुरु महाराज को रुमाला भेंट कर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।

गुरुद्वारा कैशियर हरजिंदर सिंह ने बताया कि जामुड़िया के विधायक एवं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार हरे राम सिंह और पार्षद मृदुल चक्रवर्ती भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सभी अतिथियों और कार्यक्रम की कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।

विधायक हरे राम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गोबिंद नगर का सोनपुर पंजाबी डांगा से ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल, शेड निर्माण और हाई मास्क टॉवर सहित कई विकास कार्य सरकार द्वारा किए गए हैं और आगे भी सेवा कार्य जारी रखने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का संचालन अर्जुन सिंह और राम सिंह ने किया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। अंत में उपाध्यक्ष मोहन सिंह ने सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सिख संगत, स्थानीय युवाओं, स्त्री सत्संग सभा तथा कार्यक्रम में पहुंचे प्रचारकों और कीर्तनी जत्थों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा