home page

2021 चुनाव बाद हिंसा मामले में हुगली से तीन तृणमूल नेता गिरफ्तार

 | 
2021 चुनाव बाद हिंसा मामले में हुगली से तीन तृणमूल नेता गिरफ्तार


हुगली, 21 मई (हि. स.)। गुड़ाप इलाके में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा, तोड़फोड़ और आतंक फैलाने के आरोप में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के तीन स्थानीय नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हुगली ग्रामीण पुलिस के गुड़ाप थाना की टीम ने मंगलवार देर रात नेदामपुर गांव में अभियान चलाकर सम्राट मलिक, राजू धारा और रॉबिन बाग को गिरफ्तार किया। बुधवार को तीनों आरोपितों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ चूंचूड़ा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 2021 विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद गुड़ाप के नेदामपुर इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घरों में तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप इन तीनों नेताओं पर लगे थे। उस समय इलाके में भय का माहौल होने के कारण प्रभावित भाजपा समर्थक स्थानीय थाने में तत्काल लिखित शिकायत दर्ज नहीं करा सके थे।

बाद में बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की एक टीम ने इलाके का दौरा कर रिपोर्ट सौंपी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया और प्रभावित परिवारों से संपर्क किया। इसके बाद पीड़ित परिवारों की ओर से मंगलवार रात थाने में नई लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने तीनों तृणमूल नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद गुड़ाप इलाके में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय