home page

जगद्धात्री पूजा की भीड़ में बिछड़े बुजुर्ग को जीआरपी ने बेटे से मिलाया

 | 

हावड़ा, 16 नवंबर (हि.स.)। चंदननगर में जगद्धात्री पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ी भीड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़े एक बुजुर्ग को रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) ने सुरक्षित उनके बेटे से मिला दिया। यह घटना हावड़ा जीआरपी जिले के अंतर्गत मानकुंडु रेलवे स्टेशन की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हावड़ा जिले के डोमजुड़ थाना क्षेत्र निवासी अरिंदम दास अपने पिता उत्तम दास के लापता होने की सूचना मानकुंडु रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी कर्मियों को दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता जगद्धात्री पूजा के पंडाल देखने के लिए मानकुंडु आए थे। इस दौरान किसी कारणवश वह अपनी निर्धारित ट्रेन में सवार नहीं हो सके और परिवार से बिछड़ गए।

सूचना मिलने के बाद ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों के प्रयास से बुजुर्ग को खोज लिया गया। इसके बाद उन्हें मानकुंडु रेलवे स्टेशन स्थित शिउड़ाफुली जीआरपी थाने के पुलिस सहायता केंद्र में सुरक्षित रखा गया।

कुछ समय बाद उनके बेटे अरिंदम दास स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने अपने पिता को सकुशल पाया। पिता को स्वस्थ और सुरक्षित देखकर उन्होंने जीआरपी कर्मियों का आभार जताया और उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता