home page

आसनसोल जीआरपी ने स्टेशन परिसर में चलाया विशेष जांच अभियान

 | 
आसनसोल जीआरपी ने स्टेशन परिसर में चलाया विशेष जांच अभियान


आसनसोल, 23 मार्च (हि. स.)। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो चुका है और इसके मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। खासतौर पर रेल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

आसनसोल में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में चौकसी बढ़ा दी गई है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाली ट्रेनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। स्टेशन के भीतर और बाहर, टिकट बुकिंग काउंटरों के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच की जा रही है। इसके अलावा, ट्रेनों में विस्फोटक, नशीले पदार्थ और अन्य अवैध वस्तुओं की पहचान के लिए खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है।

पूरे आसनसोल रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है, जिससे चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

जीआरपी अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर ट्रेनों में तथा स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह जांच अभियान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही है। गांव में अवैध गैस तथा अवैध हथियार आदि की विशेष जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड तथा अन्य दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रेनों पर विशेष नजरदारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बिना वजह परेशान नहीं किया जा रहा है। सिर्फ संदेहास्पद लोगों के सामानों की भी जांच की जा रही है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा