पश्चिम बंगाल में चार मई के बाद उद्योगपतियों और विदेशी निवेशकों में बढ़ा उत्साह : शमिक भट्टाचार्य
सिलीगुड़ी, 06 नवंबर (हि.स.)। अलीपुरद्वार में श्यामा पूजा का उद्घाटन करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य शुक्रवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे। इस दौरान हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक उद्योगों के अनुकूल माहौल का अभाव रहा। राज्य में उद्योगों के लिए उपयुक्त शहर और वातावरण नहीं था, जिसके कारण यहां से पूंजी दूसरे राज्यों में जा रही थी। हालांकि, चार मई 2026 ( चुनाव नतीजों की घोषणा) के बाद उद्योगपतियों, उद्यमियों और विदेशी निवेशकों के बीच पश्चिम बंगाल को लेकर उत्साह बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति काफी अनुकूल है। यहां समुद्र, नदियां, अंतरराष्ट्रीय सीमाएं, उपजाऊ जमीन, पूंजी और प्रतिभा मौजूद हैं। ऐसे में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य में उद्योग जरूर स्थापित होंगे।
वहीं, ममता बनर्जी के दिल्ली जाकर वामपंथी दलों का साथ लेने को लेकर उन्होंने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को कोलकाता की सड़कों पर उतरकर अपनी ताकत दिखानी चाहिए। मोहम्मद सलीम, अधीर चौधरी और ममता बनर्जी को दिल्ली जाने के बजाय कोलकाता में ही आंदोलन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली जाने की जरूरत ही क्या है?
कारखानों के बाहर अशांति और गुंडागर्दी को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में पहले ही जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट कर दी गई है। किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य से सिंडिकेट राज खत्म हो चुका है।
दूसरी ओर, तृणमूल विधायक मदन मित्रा के टाटा समूह की वापसी को लेकर दिए गए बयान पर भी उन्होंने तंज कसा है। मदन मित्रा को 'ओ लवली' कहकर संबोधित करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि इतने दिनों बाद उन्हें इस मुद्दे पर अफसोस क्यों हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

