home page

सड़क निर्माण में भारी अनियमितता, हाथ से उखड़ने लगी नई पिच

 | 
सड़क निर्माण में भारी अनियमितता, हाथ से उखड़ने लगी नई पिच


अलीपुरद्वार, 29 अक्टूबर (हि. स.)। अलीपुरद्वार एक नंबर ब्लॉक के पलाशबाड़ी इलाके में हाल ही में बनाए गए सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थिति यह है कि बुधवार को जहां पिच डालने का काम पूरा हुआ, वहीं गुरुवार को महज हाथ से खींचने पर ही पिच की पूरी परत उखड़कर बाहर आ रही है। घटिया निर्माण कार्य से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर रोष जताया है और चेतावनी दी है कि यदि काम में सुधार नहीं हुआ, तो वे इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, कदमतला से संजय बाजार तक की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के जीर्णोद्धार का काम पिछले पांच वर्षों से अटका हुआ था। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए अलीपुरद्वार जिला परिषद द्वारा इस कार्य हेतु 17 लाख 23 हजार रुपये का फंड आवंटित किया गया था। दुर्गा पूजा के ठीक बाद इस बहुप्रतीक्षित सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन एक दिन बाद ही सड़क की पोल खुल गई। सड़क की इस जर्जर और लचर स्थिति को देखकर स्थानीय लोग भड़क उठे।

ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि मानक के अनुसार सही तरीके से काम नहीं हो सकता, तो इस तरह के दिखावे काम से बेहतर है कि सड़क को पुरानी बदहाल स्थिति में ही छोड़ दिया जाए। उनका मानना है कि इस तरह से बनाई गई सड़क कुछ ही महीनों में फिर से उखड़ जाएगी और जनता का पैसा पानी में चला जाएगा।

ग्रामीणों के भारी विरोध के बीच काम के साइट मैनेजर अतुल राय ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि यह सड़क निर्माण का प्राथमिक चरण है और अभी सिर्फ एक परत पिच डाली गई है, जिसके ऊपर दो और परतें डाली जानी हैं। इसलिए घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।

इस पूरे मामले पर जिला परिषद की सदस्य संचिता बर्मन अधिकारी ने कहा है कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित इंजीनियर को अवगत करा दिया है। इंजीनियर के मौके पर आकर मुआयना करने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार