home page

नाती को बचाकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया, तेज बहाव में बह गए 69 वर्षीय दादा

 | 
नाती को बचाकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया, तेज बहाव में बह गए 69 वर्षीय दादा


पश्चिम मेदिनीपुर, 10 सितंबर (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के आमडिहा इलाके में बुधवार शाम को नाती को बचाने की कोशिश में 69 वर्षीय दादा केलाघाई नहर के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। लापता वृद्ध की पहचान सूर्य कोटाल के रूप में हुई है। गुरुवार तड़के उनकी तलाश में प्रशासन की ओर से सिविल डिफेंस की टीम को उतारा गया है।

स्थानीय लोगों अनुसार, सूर्य कोटाल अपने नाती संजय नायक को साथ लेकर केलाघाई नहर पार कर रहे थे। उस समय नहर में करीब गले तक पानी था और पानी का बहाव भी काफी तेज था। दोनों जब नहर के बीच पहुंचे, तभी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थिति को देखते हुए सूर्य कोटाल ने अपनी जान की परवाह किए बिना नाती को बचाने के लिए उसे कसकर पकड़ लिया। तेज बहाव से संघर्ष करते हुए उन्होंने किसी तरह नाती को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। हालांकि, नाती को किनारे पहुंचाने के बाद वह खुद सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके।

नाती को किनारे पहुंचाने के कुछ ही क्षण बाद केलाघाई के तेज बहाव में सूर्य कोटाल बह गए। आंखों के सामने दादा को पानी के बहाव में बहते देख नाती और स्थानीय लोग घबरा गए। घटना की सूचना पाकर नारायणगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लापता सूर्य कोटाल की तलाश शुरू की गई। तलाशी अभियान में सिविल डिफेंस की टीम को भी लगाया गया है। नहर में तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को अभियान के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी रामकृष्ण विश्वास ने कहा निरंतर बारिश के वजह से मानव निर्मित बांस का पुल टूट गया है जिसके वजह से सूर्य कोटाल ने नहर पार करने की सोची थी ।

एक ओर नाती की जान बच गई, वहीं उसे सुरक्षित किनारे पहुंचाने वाले दादा अब लापता हैं। इस घटना से आमडिहा इलाके में शोक का माहौल है। परिवार के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता