महिपालपुर ग्राम पंचायत में विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बैठक
हुगली, 03 अगस्त (हि. स.)। जिले के बलागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महिपालपुर ग्राम पंचायत में सोमवार को विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की योजना और उनके सुचारू क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार उपस्थित रहीं।
बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, योजनाओं के कार्यान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री सुमना सरकार ने कहा कि जनता का विकास और क्षेत्र की समग्र प्रगति सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सभी पक्षों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया, ताकि सभी परियोजनाओं को तेजी से और सही तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि विकास की गति को और तेज तथा जनहितकारी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

