home page

बंद होने की कगार पर चंदननगर के की एक और सरकारी स्कूल, बचे सिर्फ तीन छात्र

 | 
बंद होने की कगार पर चंदननगर के की एक और सरकारी स्कूल, बचे सिर्फ तीन छात्र


हुगली, 06 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सरकारी स्कूलों में घटती छात्र संख्या का एक और मामला सामने आया है। चंदननगर के साधुचरण स्मृति विद्यापीठ में छात्रों की संख्या घटकर अब केवल तीन रह गई है। इन तीन छात्रों के साथ ही स्कूल के दो शिक्षक पढ़ाई जारी रखे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक साल पहले तक इस विद्यालय में 50 से अधिक छात्र पढ़ते थे, लेकिन धीरे-धीरे छात्र संख्या में भारी गिरावट आई और वर्तमान में केवल तीन छात्र रह गए हैं। स्कूल के शिक्षक छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए स्थानीय लोगों से संपर्क कर रहे हैं और अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल में भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन ने इस स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग से सहयोग मांगा है। स्थानीय लोगों के स्कूल से दूरी बनाने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों के अनुसार, आसपास के ऐसे स्कूल जहां छात्र संख्या कम है, वहां दो विद्यालयों के विलय की संभावना पर भी चर्चा की जा रही है।

इससे पहले विधानसभा में चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग ने भी जिले के कई स्कूलों में घटती छात्र संख्या का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि चुंचुड़ा, चंदननगर सहित हुगली के कई स्कूलों में छात्रों की संख्या लगातार कम हो रही है, जबकि कुछ स्कूलों में छात्रों की संख्या अधिक और शिक्षकों की संख्या कम है।

राज्य के शिक्षा विभाग के अनुसार, जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या कम और शिक्षकों की संख्या अधिक है, वहां से शिक्षकों का स्थानांतरण कर जरूरत वाले स्कूलों में भेजा जा रहा है। विभाग का कहना है कि शिक्षक और छात्र अनुपात को संतुलित करने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, ऐसे स्कूल जहां लगातार पांच वर्षों से कोई नया नामांकन नहीं हुआ है, वहां से भी शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय