home page

इटाहार के बीडीओ पर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप, भाजपा ने की जांच की मांग

 | 
इटाहार के बीडीओ पर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप, भाजपा ने की जांच की मांग


उत्तर दिनाजपुर, 30 जुलाई (हि. स.)। जिले के इटाहार ब्लॉक के बीडीओ दिव्येंदु सरकार के खिलाफ कथित तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और पूरे खर्च का ऑडिट कराने की मांग की है।

भाजपा के आरोपों के अनुसार, बीडीओ के आवास से संबंधित विभिन्न खर्चों के बिल कथित तौर पर सरकारी खाते में जमा किए गए। इनमें छत पर झूला लगाने, ट्रॉली बैग खरीदने, घरेलू सहायिका के वेतन तथा मांस खरीदने से जुड़े बिल शामिल होने का दावा किया गया है। भाजपा नेताओं ने इटाहार में पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए विभिन्न कार्यों और भुगतानों की भी जांच तथा पूर्ण ऑडिट की मांग की है। भाजपा की कार्यकारी समिति के सदस्य निमाई सिंह ने आरोप लगाया कि बीडीओ के निर्देश पर ये सभी कार्य कराए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ भुगतानों की राशि काफी अधिक है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी धन से इस तरह के व्यक्तिगत खर्चों का भुगतान कैसे किया जा सकता है, इसकी जांच जरूरी है। मामले को लेकर भाजपा के लोग संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी पहुंचे और जांच की मांग उठाई।

हालांकि, आरोपों को खारिज करते हुए इटाहार के बीडीओ दिव्येंदु सरकार ने गुरुवार को कहा कि उन्हें नहीं पता कि भाजपा नेताओं ने ये बिल कहां से प्राप्त किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बिल का भुगतान नहीं किया गया है और ये बिल फर्जी हैं।

मामले में भाजपा की ओर से जांच और ऑडिट की मांग के बाद अब आरोपों की वास्तविकता तथा कथित बिलों की सत्यता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय