आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी करें बंगालवासी : राज्यपाल का ईंधन बचत और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
कोलकाता, 14 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए राज्य के लोगों से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में राज्यपाल ने ईंधन बचत, जिम्मेदार उपभोग और जनभागीदारी के माध्यम से देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने नागरिकों से ईंधन की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग को बढ़ावा देने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग, खाद्य तेल की सीमित खपत, अनावश्यक आयात में कमी और सोने की खरीदारी में विवेकपूर्ण निर्णय देश की आर्थिक नींव को और मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने को भी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्यपाल ने केवल आम नागरिकों ही नहीं, बल्कि विभिन्न संस्थानों और उद्योग संगठनों से भी अपील की कि जहां संभव हो, वहां वर्चुअल बैठकों और ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाए, ताकि राष्ट्रीय संसाधनों की बचत हो सके।
उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति ‘जनभागीदारी’ में निहित है और जब नागरिक सेवा की भावना के साथ एकजुट होकर काम करते हैं, तभी राष्ट्र निर्माण का उद्देश्य सफल होता है। राज्यपाल ने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ एक मजबूत और स्थिर भारत के निर्माण में सभी से योगदान देने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

