home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर राज्यपाल आर. एन. रवि ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रवाद के आदर्श सदैव प्रेरणा देते रहेंगे

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर राज्यपाल आर. एन. रवि ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रवाद के आदर्श सदैव प्रेरणा देते रहेंगे


कोलकाता, 06 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संपूर्ण राष्ट्र आज कृतज्ञता और विनम्रता के साथ इस महान राष्ट्रवादी नेता, दूरदर्शी चिंतक और प्रखर विद्वान को नमन कर रहा है।

सोमवार को ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत के इतिहास के अत्यंत महत्वपूर्ण दौर में राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि देश विभाजन के समय जब भारत की एकात्मता पर गंभीर संकट उत्पन्न हुआ था, तब उनके दृढ़ और अडिग नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहे।

राज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के उद्देश्य से डॉ. मुखर्जी का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बना रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त किए जाने के साथ डॉ. मुखर्जी के लंबे समय से संजोए गए संकल्प को मूर्त रूप मिला।

उन्होंने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रवादी विचारधारा और आदर्श भविष्य में भी देश तथा पश्चिम बंगाल को वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित बंगाल के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देते रहेंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता स्थित लोक भवन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि भी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर