राज्यपाल आर एन रवि ने महाराष्ट्र और गुजरात दिवस पर दी शुभकामनाएं
कोलकाता, 01 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महाराष्ट्र दिवस और गुजरात राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामना संदेश दिया।
लोकभवन, पश्चिम बंगाल की ओर से महाराष्ट्र दिवस के मौके पर जारी संदेश में कहा गया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन भूमि, संतों और महान विचारकों की परंपरा से समृद्ध महाराष्ट्र साहस और उद्यमिता का प्रतीक रहा है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सुधारों की परंपरा देश को प्रेरित करती रही है।
संदेश में कहा गया कि मेहनती और कर्मठ लोगों के संकल्प से महाराष्ट्र विभिन्न क्षेत्रों में भारत की प्रगति को गति दे रहा है और भविष्य में भी विकास, समृद्धि और उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।
वहीं, गुजरात दिवस के अवसर पर जारी संदेश में कहा गया कि महात्मा गांधी के आदर्शों और सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व से प्रेरित गुजरात भारत की सभ्यतागत शक्ति का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक गुजरात की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
संदेश में आगे कहा गया कि अपने लोगों की उद्यमशीलता और मेहनत के बल पर गुजरात आज भी विभिन्न क्षेत्रों में विकास और प्रगति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और देश को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

