दक्षिणेश्वर काली मंदिर में राज्यपाल रवि ने पत्नी संग की पूजा-अर्चना, राज्य की शांति-समृद्धि की कामना की
कोलकाता, 29 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि ने शुक्रवार को पत्नी के साथ दक्षिणेश्वर भवतारिणी मंदिर में पूजा-अर्चना की। वह परिवार के साथ उत्तर 24 परगना जिले के दक्षिणेश्वर पहुंचे, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने मंदिर में पूजा की। राज्यपाल और उनकी पत्नी ने मां भवतारिणी के मुख्य मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद राज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी लक्ष्मी रवि के साथ दक्षिणेश्वर काली मंदिर में मां काली के दर्शन किए और पूजा की। उन्होंने मां काली से पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण, राज्य में शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि दक्षिण कोलकाता स्थित कालीघाट मंदिर में पत्नी के साथ पूजा करने पहुंचे थे। उस समय भी उन्होंने कहा था कि वह बंगाल के लोगों के सुख और कल्याण की कामना के लिए मंदिर आए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

