उत्तर बंगाल को प्राथमिकता, एक साल में वादे पूरे करेगी सरकार– मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
सिलीगुड़ी, 20 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पहले उत्तर बंगाल दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार राज्यवासियों से किए गए सभी वादों को एक साल के भीतर पूरा करेगी। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि विकास कार्यों में उत्तर बंगाल को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
सिलीगुड़ी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, हमने संकल्प पत्र में जो वादे किए है, उन्हें तय समयसीमा के भीतर पूरा करेंगे। कुछ का लाभ लोगों को मिलना शुरू हो गया है, और जून से और योजनाओं का फायदा मिलेगा। अगले तीन महीने, छह महीने और एक साल के भीतर सभी वादे पूरे होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कई चुनावों में उत्तर बंगाल ने बीजेपी को लगातार समर्थन दिया है, इसलिए यह क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने आगे कहा, उत्तर बंगाल बीजेपी का मजबूत गढ़ है, इसलिए विकास योजनाओं में इसे प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह जुलाई महीने में फिर से उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सुझाव लेकर उन्हें लागू करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने सुझाव जिला अध्यक्षों के माध्यम से व्हाट्सएप पर भेजें, ताकि सरकार तक सीधे पहुंच सके।
अपने भाषण में शुभेंदु अधिकारी ने सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में कटमनी, सिंडिकेट राज और माफियागिरी जैसी समस्याओं के लिए कोई जगह नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले लोगों को आपस में बांटने की कोशिश की गई, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई सरकार सभी वर्गों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी और राज्य में वास्तविक बदलाव लाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

