home page

कोलकाता के 14 रूटों पर बढ़ाई गई सरकारी बस सेवा

 | 
कोलकाता के 14 रूटों पर बढ़ाई गई सरकारी बस सेवा


कोलकाता, 10 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने राजधानी कोलकाता के विभिन्न व्यस्त मार्गों पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए 14 रूटों पर सरकारी बसों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। परिवहन विभाग द्वारा किए गए हालिया सर्वेक्षण के आधार पर यह कदम उठाया गया है।

राज्य में महिलाओं के लिए मुफ्त सरकारी बस सेवा शुरू होने के बाद कई रूटों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विशेषकर कार्यालय समय के अलावा अन्य समय में भी बसों में अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले चरण में कई महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया गया है।

जिन प्रमुख रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है, उनमें उल्टाडांगा-इको स्पेस (न्यू टाउन), इको पार्क-हावड़ा स्टेशन, उल्टाडांगा-सेक्टर फाइव, जादवपुर-करुणामयी, रथतला-हावड़ा स्टेशन, उल्टाडांगा-रूबी, हावड़ा स्टेशन-गड़िया, हावड़ा स्टेशन-एयरपोर्ट तथा रूबी-हावड़ा मार्ग शामिल हैं।

परिवहन विभाग के सर्वेक्षण में पाया गया कि कई रूटों पर महिलाओं की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि यात्रियों को बसों में चढ़ने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी रिपोर्ट के आधार पर इन मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाने का निर्णय लिया गया है।

वर्तमान में राज्य में 368 रूटों पर 1,783 सरकारी बसें संचालित हो रही हैं। परिवहन विभाग ने अगले छह महीनों के भीतर 50 नई इलेक्ट्रिक बसें भी सेवा में शामिल करने की योजना बनाई है।

इस बीच कुछ क्षेत्रों से शिकायतें भी मिली हैं कि मुफ्त यात्रा सुविधा के कारण कई बसें महिला यात्रियों को देखकर भी नहीं रुक रही हैं। कुछ यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया है कि बसों में सीटें खाली होने के बावजूद बसें स्टॉपेज पर नहीं रुकतीं। परिवहन विभाग ने ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता