सरकारी बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पूर्व मेदिनीपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी एक बाइक सवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को दीघा-नंदकुमार राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेंड़िया बाजार के पास हुआ।
मृतक की पहचान तपन साहू (57) के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीघा जा रही एक सरकारी बस हेंड़िया बाजार के पास आगे चल रहे छोटे मालवाहक वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से चंडीपुर की ओर आ रहे बाइक सवार से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तपन साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मारिशदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सरकारी बस को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

