home page

राज्यपाल ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की

 | 
राज्यपाल ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की


आसनसोल, 28 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान को लेकर राज्यपाल आर. एन. रवि ने राज्य के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। खासतौर पर युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

मंगलवार को लोकभवन की ओर से जारी एक विशेष संदेश में राज्यपाल आर.एन. रवि ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे तथा अंतिम चरण का मतदान होने जा रहा है। लोकतंत्र के इस उत्सव में मैं सभी मतदाताओं से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करता हूं। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की युवा शक्ति, महिला शक्ति और नए मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर मतदान करें। हर वोट बेहद महत्वपूर्ण है। यह पश्चिम बंगाल के भविष्य के निर्माण तथा लोकतंत्र और कानून के शासन को और मजबूत करने में सहायक होगा।

राज्यपाल ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोकभवन की ओर से 24 घंटे नागरिक हेल्पलाइन सेवा जारी रखने की जानकारी भी दी। लोकभवन ने 24x7 नागरिक सहायता केंद्र की समयसीमा 10 मई 2026 तक बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के लिए नागरिक 033-2200-1022, 033-2200-1023, 033-2200-1025, 033-2200-1026, 033-2200-1027, 033-2200-1028 और 033-2200-1029 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लोग ई-मेल के माध्यम से भी अपनी शिकायत या सूचना भेज सकते हैं। ई-मेल आईडी है— lokbhavanbengalhelpline@gmail.com।

सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने पिछले चुनावों में हिंसा का शिकार होने के अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए हैं। इनमें परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की हत्या जैसी दर्दनाक घटनाएं भी शामिल हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन मतदान करने से रोका गया था, जबकि जिन्होंने धमकी को नजरअंदाज किया, उन पर जानलेवा हमले किए गए।

इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पहले चरण के मतदान से पहले यह हेल्पलाइन शुरू की गई थी, जिसे दूसरे चरण के मतदान में भी जारी रखा गया है।

लोकभवन की ओर से कहा गया है कि यदि किसी नागरिक को मतदान करने में किसी प्रकार की असुविधा, बाधा, धमकी या चुनाव प्रक्रिया के दौरान जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर कोई खतरा महसूस होता है, तो वह इस सहायता केंद्र से संपर्क कर सकता है।

लोकभवन ने आश्वासन दिया है कि प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों पर पूरी संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ विचार किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा