home page

गौरहाटी में फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला, विधायक हेमंत बाग ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 | 
गौरहाटी में फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला, विधायक हेमंत बाग ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह


हुगली, 09 नवंबर (हि. स.)। आरामबाग के गौरहाटी में सोमवार को स्वामीजी संघ की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के फाइनल में सोमवार को आरामबाग के विधायक हेमंत बाग भी शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विधायक हेमंत बाग ने मैदान में पहुंचकर फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आपसी सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना भी विकसित होती है। स्वस्थ समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विधायक ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्वामीजी संघ के आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान गौरहाटी में खेल उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय