home page

विश्व हाथी दिवस पर गोरुमारा में खास आयोजन, काटे गए फल केक

 | 
विश्व हाथी दिवस पर गोरुमारा में खास आयोजन, काटे गए फल केक


जलपाईगुड़ी, 11 अगस्त (हि. स.)। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर जंबो ट्रूप्स एवं गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान के संयुक्त तत्वावधान में गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान में मंगलवार को विभिन्न आकर्षक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हाथी संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ इस दिन कई जनकल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए विशेष चित्रांकन प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही वन्यजीवों और हाथियों के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करना था। इसके अलावा वन विभाग के हाथियों की देखभाल करने वाले महावत और पाटावालों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। वर्तमान में गोरुमारा में वन विभाग के 32 हाथी वन गश्ती और अन्य कार्यों में लगे हुए हैं।

मालबाजार अस्पताल के बीएमओएच की ओर से चिकित्सकों की एक टीम स्वास्थ्य शिविर में पहुंची और महावतों एवं पाटावालों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर के बाद उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य किट भी प्रदान किए गए।वहीं, 12 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व हाथी दिवस के अवसर पर सामान्य केक की जगह पूरी तरह फलों से तैयार विशेष फ्रूट केक काटकर 'विश्व हाथी दिवस' मनाया गया। गोरुमारा में विभिन्न रंगारंग और जागरूकता मूलक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार