home page

गोपीबल्लभपुर में बालू वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत

 | 
गोपीबल्लभपुर में बालू वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत


झाड़ग्राम, 21 फ़रवरी (हि.स.)। झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर एक नंबर ब्लॉक के नयाबासन इलाके में शुक्रवार देर शाम एक वृद्ध की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुसूदन राउत के रूप में हुई, जो नवाबासन गांव के निवासी थे।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, वृद्ध सड़क पार कर रहे थे तभी हाथिबाड़ी चक पर बालू लदा वाहन उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय निवासी गुस्से में आकर गोपीबल्लभपुर–हाथिबाड़ी सड़क को अवरुद्ध कर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे राज्य सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब एक खाली बालू गाड़ी हाथिबाड़ी की ओर बालू लोड करने जा रही थी। पुलिस ने घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

आम लोगों का कहना है कि बालू वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इनके लिए कोई निर्धारित समय या गति सीमा नहीं है। इसी लापरवाही के कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सहयोग की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता