गोपाल चंद्र साहा की बड़ी जीत, जश्न में डूबे कार्यकर्ता
मालदा, 05 मई (हि. स.)। मालदा विधानसभा सीट पर एक बार फिर कमल खिला है। गोपाल चंद्र साहा ने लगातार दूसरी बार बड़ी जीत दर्ज करते हुए 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
इस जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। मंगलवार सुबह से ही नवनिर्वाचित विधायक के आवास पर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई।
जश्न का माहौल केवल उनके घर तक सीमित नहीं रहा। दोपहर बाद पुरातन मालदा के आठ माइल स्टैंड इलाके में एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें खुद विधायक भी शामिल हुए।
स्थानीय नेताओं और सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी में जुलूस ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। “जय श्री राम” के नारों और गुलाल के साथ पूरा इलाका उत्सव में बदल गया।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए गोपाल चंद्र साहा ने इसे “सनातन की जीत” बताया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने कार्यकर्ताओं, राज्य नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व को दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

