मालगाड़ी दुर्घटना के बाद कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, दो ट्रेनें रद्द
खड़गपुर, 27 सितंबर (हि. स.)। एनवाईए-बीपीई सेक्शन में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के मकरामपुर में रविवार शाम करीब चार बजे ओडिशा की ओर से खड़गपुर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ था। घटना के मद्देनजर रेलवे ने दो ट्रेनों को रद्द करने के साथ कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से समाप्त करने और कुछ ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा देर रात साढ़े ग्यारह बजे जारी प्रेस नोट अनुसार, 18037 नंबर की ट्रेन 27 सितंबर को तथा 18038 नंबर की ट्रेन 28 सितंबर को रद्द रहेगी।
इसके अलावा 68007 नंबर की ट्रेन 27 सितंबर को खड़गपुर में ही समाप्त कर दी जाएगी। वहीं, 68002 नंबर की ट्रेन 28 सितंबर को खड़गपुर से ही शुरू होगी।
18022 नंबर की ट्रेन 27 सितंबर को भद्रक में ही समाप्त कर दी जाएगी। इसके जवाब में 18021 नंबर की ट्रेन 28 सितंबर को भद्रक से ही शुरू होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

