गोल्डन गर्ल स्वप्ना बर्मन की सियासी एंट्री, डाबग्राम-फूलबाड़ी में बढ़ी हलचल
सिलीगुड़ी, 28 फरवरी (हि. स.)। एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता गोल्डन गर्ल स्वप्ना बर्मन के राजनीति में पदार्पण से सिलीगुड़ी के उपनगरीय विधानसभा क्षेत्र -फूलबाड़ी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं। अटकलें हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस स्वप्ना बर्मन को इसी सीट से उम्मीदवार बनाएगी।
शुक्रवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाली स्वप्ना बर्मन शनिवार को सिलीगुड़ी पहुंचीं जहां वरिष्ठ तृणमूल नेता और शहर के मेयर गौतम देव ने उन्हें सम्मानित किया ।
इससे पहले दोपहर को वंदे भारत एक्सप्रेस से स्वप्ना न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचीं जहां इंडियन नैशनल तृणमूल ट्रेड यूनियन कांग्रेस(आइएनटीटीयूसी) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद स्वप्ना बर्मन ईस्टर्न बाईपास स्थित तृणमूल के पार्टी कार्यालय पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात मेयर गौतम देव से हुई।
सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में गौतम देव ने कहा कि डाबग्राम-फूलबाड़ी में हमारी उम्मीदवार कम से कम 75 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या स्वप्ना बर्मन ही उम्मीदवार होंगी, तो उन्होंने कहा कि स्वप्ना गोल्डन गर्ल है, वह जहां भी खड़ी होगी, जीतेगी।
वहीं स्वप्ना बर्मन ने कहा कि अपनी जीत को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार गौतम देव के बयान और स्वप्ना के आत्मविश्वास को देखते हुए डाबग्राम-फूलबाड़ी सीट पर इस बार तृणमूल की दांव स्वप्ना बर्मन पर ही लगने वाली है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

