सव्यसाची दत्ता के करीबी तृणमूल नेता के घर से तीन किलो सोना बरामद
कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। नदिया जिला अंतर्गत करीमपुर में सोमवार देर रात तृणमूल नेता टिना भौमिक साहा के पैतृक घर पर पुलिस ने छापेमारी कर करीब तीन किलो सोने के गहने बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम ने करीमपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर की।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की बाजार कीमत करीब चार करोड़ 39 लाख रुपये है। यह घर टिना भौमिक साहा के पिता कंचन भौमिक के नाम पर है।
इस मामले में पहले से गिरफ्तार पूर्व तृणमूल विधायक सब्यसाची दत्ता को भी सोमवार रात वहां ले जाया गया। उन्हें आठ जून को अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
जांच में पुलिस को शक है कि अवैध वसूली के पैसों से सोना खरीदा गया था। इससे पहले सव्यसाची दत्ता के फ्लैट और बैंक लॉकर से भी करीब साढ़े तीन किलो सोना बरामद हुआ था।
साथ ही, सव्यसाची दत्ता और उनकी पत्नी इंद्राणी दत्ता के बैंक खातों को फ्रीज कर तीन करोड़ 70 लाख रुपये की नकदी और संपत्ति जब्त की गई है।
इससे पहले पुलिस ने टिना भौमिक साहा को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह पेश नहीं हुईं। फिलहाल पुलिस बरामद सोने और अन्य संपत्तियों के स्रोत की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

