home page

लंबे समय से बंद तृणमूल कार्यालय खोलने को लेकर विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
लंबे समय से बंद तृणमूल कार्यालय खोलने को लेकर विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच


गोघाट, 23 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारगंज ग्राम पंचायत के आसुदखोला इलाके में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय को दोबारा खोले जाने को लेकर तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही गोघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से बंद पड़े तृणमूल के पार्टी कार्यालय को खोलने के दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान तृणमूल नेता सुशांत घोष ने भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने जय बांग्ला के नारे लगाए। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह वहां से चले गए।

भाजपा का आरोप है कि इसी पार्टी कार्यालय से लंबे समय तक कथित तौर पर उगाही (तोलाबाजी) और विभिन्न असामाजिक गतिविधियां संचालित होती थीं। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कार्यालय के अंदर से राशन कार्ड, विभिन्न सरकारी दस्तावेज, पूजा के बिल, थान का कपड़ा तथा स्टाम्प पेपर पर लिखे कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि सुशांत घोष के खिलाफ 2021 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले तथा चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े आरोप भी हैं।

हालांकि, इन आरोपों पर सुशांत घोष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी, क्योंकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे वहां से निकल गए थे।

गोघाट थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय