एक ही रात में सात दुकानों में दुस्साहसिक चोरी, गोघाट के मदीना बस स्टैंड इलाके में सनसनी
हुगली, 07 जुलाई (हि. स.)। जिले के गोघाट थाना क्षेत्र के मदीना बस स्टैंड इलाके में एक ही रात में लगातार सात दुकानों में दुस्साहसिक चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो कई दुकानों के ताले और शटर टूटे हुए मिले तथा अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चोरों ने चार आभूषण (सोने) की दुकानों, एक चनाचूर फैक्ट्री, एक मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान और एक सब्जी की दुकान समेत कुल सात प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए हैं। हालांकि, कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। प्रभावित दुकानदार चोरी हुए सामान का हिसाब तैयार कर रहे हैं।
घटना की सूचना पाकर गोघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
एक ही रात में सात दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त अधिक प्रभावी होती, तो संभवतः इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

