दसवीं के छात्र की तालाब में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप
हुगली, 02 नवंबर (हि. स.)। जिले के गोघाट गांव में सोमवार दोपहर दसवीं कक्षा के एक छात्र की तालाब में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रीतम कुशारी के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने छात्र का शव तालाब से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता स्वरूप कुशारी का आरोप है कि उनके बेटे को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके दोस्तों ने तालाब में फेंक दिया। उनका कहना है कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने रीतम को डूबते हुए देखा, लेकिन उसे बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, रीतम की मां मौसमी कुशारी ने बताया कि सोमवार दोपहर उन्होंने बेटे को खाना खाने के लिए बुलाया था। रीतम ने कहा था कि पिता के आने के बाद खाना खाएगा। इसी बीच उसके कुछ दोस्त उसे बुलाकर ले गए। उसने लौटकर खाना खाने की बात कही थी। कुछ देर बाद परिवार को फोन पर सूचना मिली कि रीतम तालाब में डूब गया है।
मां ने भावुक होकर कहा कि उनका बेटा माध्यमिक परीक्षा देने वाला था, लेकिन अब उनका यह सपना अधूरा रह गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

