गोघाट के शुनिया गांव में वामपंथी पार्टी कार्यालय को लेकर तनाव, माकपा ने लगाया कब्जे का आरोप
आरामबाग, 08 जुलाई (हि. स.)। भाजपा के आरामबाग सांगठनिक जिला अंतर्गत गोघाट क्षेत्र के शुनिया गांव में बुधवार सुबह किसान सभा के एक पुराने पार्टी कार्यालय को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। माकपा ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश की है।
माकपा के अनुसार, लगभग 40 वर्ष पहले गोघाट क्षेत्र किसान सभा की पहल पर इस ग्राम समिति कार्यालय की स्थापना की गई थी और तभी से संगठन की गतिविधियां इसी कार्यालय से संचालित होती रही हैं।
पार्टी का आरोप है कि हाल ही में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर ताला लगा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने बारी-बारी से कार्यालय में ताला लगाने का प्रयास किया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे माकपा नेता भास्कर राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय का ताला खोलने पहुंचे। आरोप है कि उसी दौरान भाजपा के छह से सात कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
माकपा का दावा है कि स्थिति तनावपूर्ण होने के बावजूद किसी भी तरह के टकराव से बचने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए उसके नेता और कार्यकर्ता वहां से हट गए।
घटनास्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए माकपा नेता भास्कर राय ने कहा कि इस तरह वामपंथी आंदोलन को रोका नहीं जा सकता। दुनिया गोल है और इतिहास हमेशा बदलता रहता है। कई स्थानों पर हमारे पार्टी कार्यालय नहीं हैं, फिर भी पार्टी का काम नहीं रुका है और भविष्य में भी नहीं रुकेगा।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

